चित्तौड़गढ़। मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान होकर मतदान से दूरी बनाने की बात कह रहे पुठवाड़िया गांव के युवाओं ने प्रशासनिक अधिकारियों की पहल के बाद अपना रुख बदल लिया है। सोमवार को आयोजित चौपाल में अधिकारियों से बातचीत के बाद ग्रामीणों ने 3 नवंबर को होने वाले पंचायत राज चुनाव में उत्साह के साथ मतदान करने का संकल्प लिया।
उपरेड़ा ग्राम पंचायत के पुठवाड़िया गांव में आयोजित चौपाल में राशमी तहसीलदार, विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण उन्हें जरूरी संचार सेवाओं और ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने गांव में मोबाइल टावर स्थापित करने की मांग उठाते हुए आगामी 6 से 8 माह में इस दिशा में कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद युवाओं ने मतदान से दूरी बनाने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने पर सहमति जताई और 3 नवंबर को मतदान करने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव की बुनियादी समस्याओं का समाधान जरूरी है, लेकिन लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाना भी उनकी जिम्मेदारी है। प्रशासनिक अधिकारियों की पहल के बाद ग्रामीणों के बदले रुख को सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब ग्रामीणों को मोबाइल नेटवर्क की समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद है।