नीमच। शहर में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चल रही कार्रवाई के तहत खाद्य विभाग की टीम ने शहर के प्रसिद्ध हनुमान चाट प्रतिष्ठान पर अचानक जांच की। इस दौरान सेव, मिर्च-मसाले, सोयाबीन तेल सहित कुल 14 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं, जांच के दौरान मिली अनियमितताओं के आधार पर प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निरस्त कर दुकान को सील कर दिया गया।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान पर पहुंचकर खाद्य सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने विभिन्न खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए। इनमें सेव, मिर्च-मसाले, सोयाबीन तेल सहित कुल 14 खाद्य पदार्थ शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अनियमितताएं मिलने पर दुकान सील-
जांच के दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आने पर खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निरस्त कर दिया और दुकान को सील कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों में हलचल है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल 14 खाद्य पदार्थों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।