मंदसौर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान’ के तहत पिपलियामंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे 16 हजार रुपये के इनामी आरोपी जवान सिंह उर्फ निर्मल बावरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पिपलियामंडी और उज्जैन जिले के नागदा थाने में मादक पदार्थ तस्करी सहित कुल 12 अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसका पुलिस रिमांड स्वीकृत हुआ है।
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अभियान का जिला स्तर पर पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल कर रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई-
एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पिपलियामंडी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान सिंह उर्फ निर्मल पिता प्रतापसिंह बावरी (40), निवासी ग्राम अंबाव, थाना पिपलियामंडी, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना पिपलियामंडी के अपराध क्रमांक 282/2026 में धारा 8/18 और 29 एनडीपीएस एक्ट तथा अपराध क्रमांक 324/2025 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण में फरार था। इन दोनों मामलों में उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा अलग-अलग 3-3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा आरोपी थाना नागदा, जिला उज्जैन के अपराध क्रमांक 279/2025 में धारा 8/15 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में भी फरार था। इस प्रकरण में उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस तरह आरोपी पर कुल 16 हजार रुपये का इनाम था।
आरोपी के खिलाफ 12 मामले दर्ज-
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 तक पिपलियामंडी और नागदा थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 12 अपराध दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसका रिमांड मिला है। फिलहाल उससे अवैध मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, सहायक उपनिरीक्षक संतोष मुनिया, प्रधान आरक्षक वसीम खान, नरेंद्र धनगर, नरेंद्र सिंह चौहान, विजय परमार तथा आरक्षक उदल सिंह, रिंकु सिंह, पवन सिंह बोराना, राहुल पाटीदार, अनिल गुर्जर, नागेश्वर पाटीदार और जुगल किशोर की सराहनीय भूमिका रही।