बालाघाट। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बालाघाट जिले के विभिन्न शहरों और कस्बों में होटलों एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई, नमकीन, खाद्य रंग, एसेंस और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर करीब 8 हजार रुपये की सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई।
कई शहरों और कस्बों में होटलों का निरीक्षण
खाद्य विभाग की टीम ने लांजी में नैवेद्यम होटल, शिवराज होटल और बीकानेर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। भानेगांव में ठाकरे होटल और बीकानेर होटल की जांच की गई। बालाघाट शहर में वैशाली होटल, शगुन होटल, भारतीय होटल, बाबू मिष्ठान भंडार और मधुर कलश का निरीक्षण किया गया।
इसके अलावा परसवाड़ा में जगदीश और संजू होटल, बिरसा में जायसवाल स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट तथा मलाजखंड में संतोष जलपान गृह, शिवम होटल और अशोका होटल की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जहां गंदगी और साफ-सफाई में कमी मिली, वहां संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
पेड़ा, बर्फी और नमकीन सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
जांच के दौरान पेड़ा, बर्फी, छेना, मोतीचूर, मलाई पेड़ा, मगज लड्डू, बादाम बर्फी, येलो बर्फी, कलाकंद, मिल्क केक, मिक्चर, नमकीन, खोवा बर्फी, सोयाबीन तेल और नारियल बर्फी के नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
एक्सपायरी सामग्री मिली, मौके पर कराई नष्ट
टीम ने खाद्य पदार्थों की पैकिंग और निर्माण की तारीखों की भी जांच की। इस दौरान बिस्किट, टोस्ट, नमकीन सहित अन्य एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। करीब 8 हजार रुपये की सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई।
खाद्य विक्रेताओं को दिए जरूरी निर्देश
खाद्य विभाग की टीम ने दुकानदारों और होटल संचालकों को खाद्य सामग्री खुले में नहीं रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता व सुरक्षित भंडारण का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। विभाग की ओर से नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।