चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10.3 ग्राम अवैध एमडीएमए (मोली पाउडर) जब्त किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में शनिवार को कार्यवाहक थानाधिकारी श्यामलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी।
इस दौरान गंभीरी नदी के पास दो दोपहिया वाहनों के नजदीक तीन युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर टीम ने उनसे पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस वाहन और जाप्ते को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अजय माली (26), पिता हीरालाल माली, निवासी रामनगर नाडोलिया, चित्तौड़गढ़ के कब्जे से 10.3 ग्राम अवैध एमडीएमए (मोली पाउडर) बरामद किया गया। पुलिस ने अजय माली के साथ उसके साथी सुनील माली और दीपेश गंगवाल को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
कोतवाली थाना पुलिस टीम में कार्यवाहक थानाधिकारी एवं उप निरीक्षक श्यामलाल, कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, हरिसिंह, हरिराम, हनुमान, रविकुमार और कांस्टेबल चालक राधेश्याम शामिल रहे।
डीएसटी टीम में हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह और राजदीप सिंह तथा कांस्टेबल दुर्गाराम, विक्रम, दीपक और विजय शामिल रहे।