चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष तथा जिला एवं सेशन न्यायाधीश मानसिंह चूण्डावत के निर्देशानुसार श्री भुवनभानुसुरीश्वर जैन उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगिता पारीक की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लीगल अवेयरनेस क्लब से जुड़े 9 विद्यालयों के 90 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में सचिव योगिता पारीक ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों में विधिक जागरूकता बढ़ाने और उन्हें सामाजिक चुनौतियों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से कक्षा 7 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए चार प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
इनमें ‘किताबी ज्ञान व्यावहारिक ज्ञान से बेहतर होता है’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, ‘से नो टू ड्रग्स, यस टू ड्रीम्स’ विषय पर पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता, ‘ऑनलाइन बचपन- बच्चों पर सोशल मीडिया का असर’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता तथा ‘साइबर क्राइम- क्लिक करने से पहले सोचें’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता शामिल रही।
चारों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सचिव योगिता पारीक ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, सोशल मीडिया के उचित उपयोग और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे डिजिटल दुनिया में सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य हेमा जैन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पदाधिकारियों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।