नीमच। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए एसपी राजेश व्यास के निर्देश पर पुलिस और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने देर शाम शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र टेगोर मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजार की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों को व्यवस्थित रूप से किनारे खड़ा करने की समझाइश दी गई। वहीं, दुकानदारों को भी हिदायत दी गई कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर अतिक्रमण न करें, ताकि पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
अधिकारियों ने व्यापारियों और वाहन चालकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी के सहयोग से ही सुरक्षा, अनुशासन और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
इस संयुक्त पैदल निरीक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, यातायात थाना प्रभारी मलखान सिंह परमार सहित पुलिसकर्मी और नगरपालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।