अशोकनगर। जिले के मुंगावली की तीन दर्जन से अधिक महिलाएं मंगलवार को अपने बच्चों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ और आवासीय पट्टे की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। महिलाओं का कहना है कि करीब चार-पांच साल पहले उन्हें तालाब किनारे की जगह से हटाकर नवीन गल्ला मंडी के सामने बसाया गया था। अब उन्हें यह जगह हाउसिंग बोर्ड की बताकर खाली करने के लिए कहा जा रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से यहीं स्थायी रूप से रहने की जगह देने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
चार-पांच साल पहले तालाब किनारे से हटाकर बसाया था
महिलाओं ने बताया कि वे कई साल से मुंगावली में रह रही हैं। करीब चार-पांच साल पहले उन्हें तालाब किनारे से हटाकर नई गल्ला मंडी के सामने जगह दी गई थी। उस समय उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि रहने के लिए जगह देने के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिलेगा।
महिलाओं के अनुसार, परिवार कुछ समय से इसी जगह पर रह रहे हैं। अब उन्हें बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर वे रह रहे हैं, वह हाउसिंग बोर्ड की है और इसे खाली करना होगा। महिलाओं का कहना है कि उनके पास रहने के लिए दूसरी जगह नहीं है। वे मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं।
पहले भी कर चुकी हैं आवास और पट्टे की मांग
महिलाओं ने बताया कि आवासीय पट्टे और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए वे पहले भी कई बार अधिकारियों से मांग कर चुकी हैं। हर बार उन्हें आश्वासन मिला, लेकिन अब तक योजना का लाभ नहीं मिल सका और समस्या का समाधान भी नहीं हुआ।
तहसीलदार ने आवेदन लिए, सूची बनाने के निर्देश
मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं महिलाओं की तहसीलदार ने बात सुनी और उनके आवेदन लिए। इसके बाद नगर परिषद की टीम को बुलाकर वहां रह रहे परिवारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद की टीम ने महिलाओं और उनके परिवारों की सूची तैयार की।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि उन्हें उसी स्थान पर स्थायी रूप से रहने की जगह दी जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।