शाजापुर। सोमवार रात टहलने निकले 50 वर्षीय राजेश पाटीदार की मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका शव रेलवे ट्रैक पर ग्राम बरवाल के पास मिला। वे रात करीब 9 बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला।
राजेश पिता सूरज सिंह पाटीदार कृष्णा कॉलोनी मंडी के पास रहते थे। मंगलवार सुबह शाजापुर रेलवे स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर दूर बरवाल के पास रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की सूचना स्टेशन मास्टर को मिली। उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान राजेश पाटीदार के रूप में की।
सिर पर गंभीर चोट, ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन बिलावलिया ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट थी। ट्रेन से गिरने या उसकी चपेट में आने से मौत की आशंका है। पटरी के सहारे चलते समय ट्रेन से टकराने की संभावना भी है। मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।