नीमच। जिले में एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों पर कथित रूप से अतिरिक्त राशि की मांग करने और मोटरसाइकिल को लेकर परेशान करने का आरोप लगा है। इस संबंध में जावद तहसील के बड़ावदा निवासी अभिषेक पिता मंगीलाल बागरी ने 3 नवंबर 2026 को जिला कलेक्टर के नाम आवेदन प्रस्तुत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में अभिषेक ने बताया कि उसने एयू स्मॉल फाइनेंस कंपनी, नीमच से मोटरसाइकिल फाइनेंस करवाई थी। कुल 36 किस्तों में से वह 34 किस्तें जमा कर चुका है। अब केवल दो किस्तें शेष हैं, जिनकी कुल राशि लगभग 6,400 रुपये बताई गई है। इसके बावजूद कंपनी के कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर 60 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है।
आवेदक का आरोप है कि 8 अक्टूबर 2026 को राशि को लेकर कंपनी के कर्मचारियों के साथ उसका विवाद हुआ। इस दौरान मोटरसाइकिल को लेकर भी उसे परेशान किया गया। अभिषेक का कहना है कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह पहले से ही परेशान है और कथित रूप से इतनी बड़ी अतिरिक्त राशि की मांग किए जाने से उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
इस मामले में अभिषेक ने कलेक्टर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने, फाइनेंस कंपनी के संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा अपनी मोटरसाइकिल वापस दिलवाने की मांग की है।