चित्तौड़गढ़। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने चित्तौड़गढ़ और भदेसर पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
अधिकारियों ने चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के औछड़ी गांव में बूथ संख्या 103 से 106 तक स्थित चार मतदान केंद्रों तथा आदर्श मतदान केंद्र देवरी के दो बूथों का निरीक्षण किया। इसके अलावा भदेसर पंचायत समिति के धीरजी का खेड़ा स्थित बूथ संख्या 96 पर पहुंचकर मतदान संबंधी तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं और तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव और भय के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी जरूरी प्रबंध समय पर पूरे करने पर जोर दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने 5 नवंबर को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव को देखते हुए मतदान केंद्रों पर जनरेटर और निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।