रतलाम। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीपपुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में अब विरोध की आवाज रतलाम तक पहुंच गई है। बुधवार को गोस्वामी समाज ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और शराब माफियाओं का प्रतीकात्मक पुतला फूंका।
दशनाम दत्त सेना मध्यप्रदेश एवं गोस्वामी समाज के नेतृत्व में समाजजनों ने पैदल मार्च निकालकर कोर्ट चौराहे पर सभा की। इस दौरान शहीद टीआई दिलीपपुरी गोस्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और आरोपियों को फांसी देने, पूरे मामले की CBI जांच कराने तथा प्रदेश में शराब माफियाओं के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।
सभा में महामंडलेश्वर स्वामी आनंदगिरिजी महाराज ने कहा कि समाज अपने सपूत की शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देगा। उन्होंने मांग की कि CBI जांच के जरिए हत्या के पीछे सक्रिय लोगों के साथ माफियाओं को संरक्षण देने वालों का भी पर्दाफाश होना चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री से प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग की।
दशनाम दत्त सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ईश्वरपुरी गोस्वामी ने कहा कि दिलीपपुरी गोस्वामी को न्याय मिलने तक समाज का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश से माफिया तंत्र के सफाए की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई और शराब माफियाओं के प्रतीकात्मक पुतले को जूते मारकर आग के हवाले किया गया।
इस प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष संजयपुरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में समाजजन और विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। समाज ने साफ संदेश दिया कि दिलीपपुरी गोस्वामी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।