भानपुरा (मंदसौर)। एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत भानपुरा थाना पुलिस की भैसोदामंडी चौकी टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहे 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शाहजमान खान उर्फ जमान (28), निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, भवानीमंडी, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे राजस्थान बॉर्डर स्थित टगर चौराहे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को भैसोदामंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेश यादव की टीम ने स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 09 DL 8832 को रोककर उसमें सवार इंदौर निवासी आयमान और साबान खान को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 170 ग्राम एमडीएमए और 4.5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त मादक पदार्थ शाहजमान खान से प्राप्त करना बताया था। इसके बाद से शाहजमान फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक मंदसौर द्वारा 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने तलाश के दौरान दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से मादक पदार्थों के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम का योगदान: कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय कुमार बुंदेला, चौकी प्रभारी धर्मेश यादव, आरक्षक जितेंद्र कोठे और आरक्षक बहादुर भूरिया की विशेष भूमिका रही।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई।