नीमच। जिले में अवैध शराब के निर्माण और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कुकड़ेश्वर पुलिस ने मनासा और रामपुरा थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 2,500 लीटर महुआ लहान नष्ट किया। साथ ही जंगल में संचालित अवैध हाथ भट्टी से कच्ची शराब बनाने की 8 भट्टियों को भी नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रदेशव्यापी अभियान के तहत मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज और नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा मनासा एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में संयुक्त पुलिस टीम ने अभियान चलाया।
कड़ी आंत्री और आसपास के जंगलों में दी दबिश-
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मंगलसिंह राठौर के नेतृत्व में कुकड़ेश्वर, मनासा और रामपुरा थानों की संयुक्त टीम ने थाना कुकड़ेश्वर क्षेत्र के ग्राम कड़ी आंत्री और आसपास के इलाकों में दबिश दी। इस दौरान हाथ भट्टी से कच्ची शराब बनाने के संभावित ठिकानों की तलाशी ली गई। कार्रवाई में करीब 2,500 लीटर महुआ लहान नष्ट किया गया और जंगल में बनी 8 अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया।
तीन थानों की टीम रही शामिल-
इस कार्रवाई में कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मंगलसिंह राठौर और उनकी टीम, मनासा थाना प्रभारी निरीक्षक हिमांशु चौहान और उनकी टीम तथा रामपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश सोलंकी और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।