नीमच/जावद। मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सरवानिया महाराज पुलिस चौकी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी तीन अलग-अलग न्यायालयों से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट में करीब पांच साल से फरार था, जबकि दूसरा राजस्थान के जालोर जिले में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित था।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
तीन न्यायालयों से जारी थे स्थायी गिरफ्तारी वारंट-
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजू उर्फ राजेश पिता मांगीलाल बंजारा (39), निवासी ग्राम बागरेड खेड़ा, थाना जावद के विरुद्ध तीन अलग-अलग न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी थे। इनमें विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट जावद के प्रकरण क्रमांक 53/17 में धारा 8/18 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट, जेएमएफसी न्यायालय जावद के प्रकरण क्रमांक 32/17 में धारा 354-ए भादंवि एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट तथा विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम जावद के प्रकरण क्रमांक 10/21 में धारा 135 एमपीईबी एक्ट के मामले शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब पांच साल से फरार था और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी के आधार पर सरवानिया महाराज पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
राजस्थान के एनडीपीएस प्रकरण में वांछित आरोपी भी पकड़ा-
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने अर्जुन सिंह पिता दिनेश सिंह राजपूत (29), निवासी ग्राम खेरखेड़ा, थाना जावद, जिला नीमच को भी गिरफ्तार किया। आरोपी राजस्थान के जालोर जिले के थाना बागोड़ा में दर्ज अपराध क्रमांक 128/2026, धारा 8/15, 29 एवं 25 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में विवेचना के दौरान वांछित था।
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़कर राजस्थान पुलिस को सौंप दिया। इस मामले की आगे की विवेचना थाना भीनमाल, जिला जालोर पुलिस द्वारा की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में जावद थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन, सरवानिया महाराज पुलिस चौकी की टीम, नीमच साइबर सेल टीम तथा राजस्थान के जिला जालोर की थाना भीनमाल पुलिस की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी सहित अन्य मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।