भगवानपुरा। कांग्रेस पार्टी के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को भगवानपुरा के राजीव गांधी सभागृह परिसर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भगवानपुरा, बिस्टान और सिरवेल क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में नेताओं ने कथित वोट चोरी, अघोषित बिजली कटौती और अवैध शराब के मुद्दे उठाते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
क्षेत्रीय विधायक केदार डावर ने कहा कि देशभर में वोट चोरी को लेकर माहौल बना हुआ है और जनता अब जागरूक हो चुकी है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि देश की जनता को गुमराह किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी वोट चोरी के मुद्दे पर मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं।
विधायक डावर ने क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे आमजन और किसान परेशान हैं। वर्तमान में गेहूं की बुवाई का सीजन चल रहा है। ऐसे में समय पर बिजली नहीं मिलने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने क्षेत्र में अवैध शराब की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए सरकार से तत्काल रोक लगाने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप-
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि नाईक ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर मिलीभगत से वोटों की चोरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं और ईवीएम में गड़बड़ी कर भाजपा की सरकारें बनाई जा रही हैं।
जिलाध्यक्ष ने अघोषित बिजली कटौती और अवैध शराब के परिवहन को लेकर भी प्रशासन एवं प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए।
दीपावली के बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी-
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो दीपावली के बाद बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभागृह परिसर से तहसील कार्यालय तक हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला। यहां तहसीलदार प्रवीण चंगर को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंत जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कथित वोट चोरी, अघोषित बिजली कटौती और अवैध शराब के विरोध में आवाज उठाना था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता और किसानों के हितों के लिए मजबूती से खड़ी है।
इस अवसर पर देवनारायण ठाकुर, गंगाराम सोलंकी, कुंवरसिंह पटेल, डॉ. गोविंद मुजाल्दा, राजेश मंडलोई, गणपत वास्कले, विकास सेनानी, नितिन मिश्रा, ध्यानसिंह वास्कले, आकलीम शेख, अतुल बंगाले, रायला बिल्लौरे, जितेंद्र रावत, बियानसिंह पटेल, राकेश बड़ोले, मालसिंह आवासे, बिहारी गवले सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।