खनियांधाना। ग्राम गोरवर में जमीनी विवाद को लेकर उपजे खूनी संघर्ष में एक 48 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर अपराधों के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जानकारी देते हुए खनियांधाना थाना प्रभारी संजय सिंह किरार ने बताया कि ग्राम गोरवर में परिहार समाज के दो सगे भाइयों में जमीनी और आपसी घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनके बीच झगड़ा हुआ, जिसमें एक पक्ष के शिवचरण परिहार 48 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी ने आगे बताया कि पुलिस द्वारा पहले मर्ग कायम कर जांच में लिया गया था। इसके बाद डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया और साक्षियों के कथन दर्ज किए गए। तथ्यों के आधार पर हत्या का गंभीर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।घटनाक्रम के अनुसार मृतक शिवचरण परिहार और आरोपियों के बीच आपसी व जमीनी विवाद चल रहा था, जो घर के ही लोगों के बीच का मामला था। प्रार्थी आशीष कुमार और चश्मदीदों के अनुसार, घटना के वक्त आरोपी प्रीतम परिहार, भावना परिहार, कस्तूरी बाई परिहार और सोन सिंह परिहार मौके पर मौजूद थे। आरोपियों ने गालियों देते हुए मारपीट की, और इसी दौरान भावना परिहार ने जान से मारने की नीयत से शिवचरण के सिर पर लोहे का सरिया मार दिया। कस्तूरी बाई ने लात-घूंसों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन शिवचरण को थाने लेकर पहुंचे, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें खनियांधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले में मर्ग जांच के उपरांत आरोपी प्रीतम परिहार, भावना परिहार, कस्तूरी बाई परिहार और सोन सिंह परिहार के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न गंभीर अपराधों के तहत केस दर्ज कर लिया है।