शाजापुर। शहर में आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। ताजा मामला जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड का है, जहां इमामबाड़े के सामने दो आवारा सांडों के बीच करीब 10 मिनट तक जोरदार लड़ाई होती रही। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
गनीमत रही कि इस दौरान कोई राहगीर सांडों की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इन दिनों त्योहारी सीजन के चलते बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में खुलेआम घूम रहे आवारा मवेशियों से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि त्योहारों को देखते हुए आवारा सांडों को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।