गरोठ (मंदसौर)। गरोठ 8-लेन फोरलेन कनेक्टिविटी मार्ग के समीप बुधवार दोपहर करीब 2रू20 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गरोठ शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
दूधाखेड़ी माताजी के दर्शन कर लौट रहा था परिवार-
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक अर्जुन (30 वर्ष) ने बताया कि वे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दूधाखेड़ी माताजी के दर्शन करने के बाद अपने गृह गांव नाथपिपलिया, जिला उज्जैन लौट रहे थे। इसी दौरान गरोठ 8-लेन कनेक्टिविटी मार्ग के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अर्जुन और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच-
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और ट्रक से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।