बालाघाट। ग्रामीण शिल्पियों, पारंपरिक कारीगरों और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को मुलना स्टेडियम परिसर में 3 दिवसीय दीपांजलि आजीविका संगम मेले की शुरुआत हुई। विधायक अनुभा मुंजारे और कलेक्टर आदित्य सिंह ने मेले का शुभारंभ किया। मेला 6 नवंबर तक चलेगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार, जिला पंचायत सीईओ तनुश्री मीना, एसडीएम गोपाल सोनी सहित प्रशासनिक अधिकारी और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
हाथकरघा साड़ियों-जैविक उत्पादों के स्टॉल
मेले में जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के स्व-सहायता समूहों, बुनकरों और कारीगरों के उत्पाद प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए रखे गए हैं। मेंहदीवाड़ा के बुनकरों की हाथकरघा पर तैयार कॉटन और सिल्क की साड़ियां, कटंगी तहसील के कटेरा गांव के समूहों के मिट्टी के दीये, बर्तन और सजावटी सामग्री आकर्षण का केंद्र हैं।
महिला समूहों ने जैविक हल्दी, मिर्च, धनिया, मसाला पाउडर, मशरूम और मशरूम पाउडर सहित कृषि उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। एक जिला-एक उत्पाद में शामिल चिन्नौर चावल के साथ कच्ची घानी से निकाले गए सरसों, अलसी और मूंगफली के तेल भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
शहरी आजीविका मिशन से जुड़े समूहों के कपड़े के बैग, ब्लाउज और अन्य वस्त्र, गोबर से बनी दैनिक उपयोग की सामग्री, खादी और हस्तशिल्प उत्पाद भी मेले में रखे गए हैं। आयुष विभाग ने औषधीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। महिला समूहों के तैयार व्यंजन और पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों की बनाई कैंडल भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने देखे स्टॉल
मेले के शुभारंभ के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार, विधायक अनुभा मुंजारे, कलेक्टर आदित्य सिंह और जिला पंचायत सीईओ तनुश्री मीना ने स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने समूहों की महिलाओं और कारीगरों से बातचीत कर उत्पादों की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले के स्व-सहायता समूहों और पारंपरिक कारीगरों द्वारा उत्कृष्ट उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
स्थानीय उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री शुरू करने की तैयारी
जिला प्रशासन स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। इसके माध्यम से बालाघाट के उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की योजना है।