रायसेन। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही रायसेन के बाजार फूलों की खुशबू से महकने लगे हैं। घरों की सजावट से लेकर पूजा-पाठ और मंदिरों में फूलों की मांग बढ़ने लगी है। इस बार अच्छी पैदावार के चलते बाजार में गेंदे के फूलों की बंपर आवक हो रही है। खास बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार गेंदा करीब 30 रुपए किलो तक सस्ता मिल रहा है। त्योहार के दौरान शहर में 80 से 100 क्विंटल फूलों की खपत होने का अनुमान है।
पिछले साल के मुकाबले कम हुए दाम
फूल विक्रेता राकेश माली के मुताबिक पिछले साल मंडी में गेंदे का भाव करीब 100 रुपए किलो था, जबकि बाजार में यह 120 रुपए किलो तक बिका था। इस बार मंडी में गेंदा 60 से 70 रुपए और बाजार में 70 से 80 रुपए किलो मिल रहा है। कम बारिश के बावजूद फूलों की अच्छी पैदावार होने से बाजार में आवक बनी हुई है।
100 दुकानों पर सजेगी फूलों की बहार
दीपावली के अवसर पर शहर में करीब 100 फूलों की दुकानें लगती हैं। आसपास के क्षेत्रों से गेंदे के फूलों की आवक हो रही है, जबकि मोगरा, गुलाब और रजनीगंधा जैसे फूल बाहर से मंगाए जा रहे हैं। गजरे की बढ़ती मांग को देखते हुए इस बार इंदौर से मोगरा बुलाया जा रहा है। ऐसे में दिवाली पर महिलाओं के गजरे भी इंदौर के मोगरे की खुशबू से महकेंगे।
तीन चरणों में बाजार पहुंचेगा गेंदा
फूलों की अलग-अलग किस्में चरणबद्ध तरीके से बाजार में पहुंचेंगी। फिलहाल कलकत्ता गेंदा की तुड़ाई शुरू हो चुकी है। बड़े आकार और गहरे नारंगी रंग के कारण इस किस्म की खास मांग रहती है। इसके बाद देशी गेंदा बाजार में पहुंचेगा।
वहीं नौरंगी किस्म के पौधे भी तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें दीपावली के बाद फूल आने लगेंगे। शादी-ब्याह के सीजन में इसकी अगली खेप बाजार में उपलब्ध होगी। कुल मिलाकर इस बार दीपावली पर रायसेन के बाजारों में फूलों की बहार के साथ ग्राहकों को सस्ते गेंदे का भी फायदा मिलने की उम्मीद है।