नीमच। दीपावली पर्व को देखते हुए नगर पालिका परिषद नीमच ने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के निर्देश पर 1 से 7 नवंबर तक आयोजित सफाई सप्ताह के तहत मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में 1 और 2 नवंबर को नीमच सिटी में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के बाद 3 नवंबर को वे बघाना क्षेत्र पहुंचीं। यहां उन्होंने सफाई कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही नागरिकों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
नागरिकों से पूछा- क्षेत्र में नियमित सफाई हो रही है या नहीं-
सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बघाना के पटेल मोहल्ला, फतेह चौक, होली चौक, अहीर मोहल्ला और धनेरिया रोड स्थित बाबा रामदेव मंदिर सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से पूछा कि उनके क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई हो रही है या नहीं। जहां से सफाई संबंधी शिकायतें मिलीं, वहां स्वच्छता निरीक्षकों और पर्यवेक्षकों को तत्काल सफाई करवाने तथा व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
पांच कर्मचारी मिले अनुपस्थित, नोटिस जारी करने के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सफाई कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर भी देखा। इस दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने संबंधित स्वच्छता निरीक्षक को अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और जनसेवकों को स्पष्ट हिदायत दी कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें और बिना अनुमति अनुपस्थित न रहें।
नालियों पर अतिक्रमण देख नागरिकों को दी समझाइश-
निरीक्षण के दौरान पटेल मोहल्ला और अहीर मोहल्ले में सफाई गैंग द्वारा की जा रही नालियों की सफाई का जायजा लिया गया। कई स्थानों पर नालियों के ऊपर पट्टियां और अन्य निर्माण पाए जाने पर सीएमओ ने नागरिकों को इन्हें हटाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि नालियों को ढककर रखने से सफाई कार्य प्रभावित होता है, इसलिए नागरिक नालियों को खुला रखें और सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
वहीं, कुछ स्थानों पर मकानों के बाहर सड़क तक अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई। ऐसा नहीं करने पर नगर पालिका द्वारा कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरे के ढेर भी मिले, जिन्हें तत्काल साफ कराने के निर्देश संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षकों को दिए गए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, नागरिकों से भी सहयोग की अपील-
सीएमओ दुर्गा बामनिया ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। कार्य में लापरवाही या कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि घरों और संस्थानों से निकलने वाला कचरा सड़कों पर न फेंकें, बल्कि कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सभापति नीरज अहीर, स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, अविनाश घेघट, भेरूलाल अहीर, गैंग प्रभारी दीपक गौहर और स्वच्छता पर्यवेक्षक ऋषभ अहीर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।