नीमच। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने कबाड़ दुकानों की जांच शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने ग्वालटोली क्षेत्र के बरखेड़ा रोड स्थित बाबूलाल गांधी की गांधी स्क्रैप ट्रेडर्स दुकान और गोदाम पर अचानक जांच की। प्रारंभिक जांच के दौरान कुछ सामान के संबंध में संदेह सामने आने पर पुलिस ने दुकान में रखे स्क्रैप को सील कर दिया। साथ ही सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।
त्योहारों और सर्दियों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने अभियान-
पुलिस अधिकारियों के अनुसार एसपी राजेश व्यास के निर्देश पर शहर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कबाड़ दुकानों और संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं चोरी का सामान तो नहीं खरीदा या बेचा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दीपावली के आसपास और नवंबर से जनवरी के बीच चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कबाड़ कारोबारियों के यहां जांच की जा रही है।
खरीद-फरोख्त के दस्तावेजों का होगा मिलान-
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांधी स्क्रैप ट्रेडर्स में रखे सामान की प्रारंभिक जांच की गई है। अब इसकी विस्तृत जांच के लिए अधिकारी नियुक्त कर सामान के स्रोत और खरीद से जुड़े दस्तावेजों का मिलान किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभी न तो किसी सामग्री की जब्ती की गई है और न ही दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद यदि चोरी का सामान या कोई अवैधानिक गतिविधि सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अन्य कबाड़ दुकानों की भी होगी जांच-
पुलिस ने बताया कि बरखेड़ा रोड क्षेत्र की अन्य कबाड़ दुकानों की भी जांच की जाएगी। कार्रवाई में थाना बघाना और अन्य पुलिस टीमों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान जहां भी चोरी का सामान मिलने की पुष्टि होगी, वहां संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।