सरवानिया महाराज। शहर की यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। मुख्य बाजार से गुजरने वाले नीमच-सिंगोली मार्ग पर सुबह से देर शाम तक जाम की स्थिति बनती रहती है। हैरानी की बात यह है कि जिस मार्ग पर वाहन चालक और राहगीर जाम से परेशान होते रहे, उसी दौरान पुलिस चौकी के सामने पुलिसकर्मी वाहन चेकिंग में व्यस्त नजर आए।
बुधवार शाम करीब 6:30 बजे मेन रोड पर बस स्टैंड से मिडिल स्कूल तक लगभग आधे घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात व्यवस्था बिगड़ने पर वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों को खुद ही ट्रैफिक संभालने की कोशिश करनी पड़ी।
बताया गया कि बस स्टैंड के पास सड़क के बीचों-बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बंद हो गई। उसका चालक वाहन छोड़कर कहीं चला गया, जिसके कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर जाम लग गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम के एक जवान ने राजा हिंदुस्तानी होटल तक जाकर लोगों की मदद से सड़क पर बंद पड़े ट्रैक्टर को धक्का लगवाकर किनारे करवाया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सुचारु हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी यातायात व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बनी हुई है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस चौकी के सामने वाहन चेकिंग के साथ-साथ मुख्य मार्ग और बस स्टैंड क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए, ताकि आमजन को रोजाना जाम से न जूझना पड़े।