नीमच। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग और नगरीय निकायों की संयुक्त टीम द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश, भोपाल तथा कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार मनासा और जावद में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 31 नमूने जांच के लिए लिए गए।
मनासा में तीन प्रतिष्ठानों से लिए गए 15 नमूने-
एसडीएम मनासा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने महेश्वरम कॉलोनी स्थित गोपी स्वीट्स, मंदसौर नाका स्थित बालू स्वीट्स एंड नमकीन तथा बैरागी भोजनालय का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गोपी स्वीट्स से मावा, गुलाब जामुन, क्रीम बर्फी, केसर बर्फी और पनीर के कुल पांच नमूने लिए गए। इसी प्रकार बालू स्वीट्स एंड नमकीन से मावा, मिल्क केक, मावा बर्फी, चॉकलेट बर्फी और काजू मिठाई के पांच नमूने लिए गए। वहीं, बैरागी भोजनालय से अन्नपूर्णा ब्रांड के मैसूर पाक, गुलाब जामुन, मावा लड्डू, मोतीचूर लड्डू और मावा बर्फी के पांच नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
इस दौरान नगर पालिका द्वारा गोपी स्वीट्स और बालू स्वीट्स एंड नमकीन पर 2-2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया। वहीं, बैरागी भोजनालय में टेस्टिंग किट से दूध की जांच की गई, जिसमें हानिकारक पदार्थों की मिलावट नहीं पाई गई।
जावद में तीन प्रतिष्ठानों से लिए गए 16 नमूने-
अनुविभागीय दंडाधिकारी जावद संजीव साहू के मार्गदर्शन में स्थानीय प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान मीना मिष्ठान भंडार से बेसन चक्की, काजू कतली, मूंगफली तेल, मावा लड्डू, सेव नमकीन और मावा बर्फी सहित कुल छह नमूने लिए गए। शानू रेस्टोरेंट एवं मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, गुलाब जामुन, चॉकलेट बर्फी, बालूशाही और मलाई बर्फी के पांच नमूने लिए गए। वहीं, जापत स्वीट्स से मावा, मावा बर्फी, बेसन चक्की, गुलाब जामुन और इमरती के पांच नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई-
मनासा में संग्रहित खाद्य पदार्थों के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मनासा में हुई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजेंद्र नाथ, नगर पालिका सीएमओ एवं उनकी टीम उपस्थित रही। वहीं, जावद में नायब तहसीलदार नवीन छल्लोत्रे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा और दल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूने लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।