मनासा। नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 5 बजे सावन कुंड और सावन के बीच जयश्री पेट्रोल पंप के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। बिना नंबर के ट्रैक्टर ने ओवरटेक करने के दौरान कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 7 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कार क्रमांक त्श्र-09 न्। 8167 में सवार परिवार भानपुरा की ओर से आ रहा था और चित्तौड़गढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर से कार की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही रॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम के राजमल कुमावत और पायलट राहुल भट्ट ने सभी घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल मनासा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे में संतोष तम्बोली (50), सागर तम्बोली (50), निर्मला बाई (60), हेमलता (45), अर्पिता (36), मनन और 14 वर्षीय तपस्या घायल हुए हैं। इनमें संतोष और तपस्या के सिर में चोट आई है, जबकि निर्मला बाई के हाथ में चोट लगी है।
घटना के बाद से ट्रैक्टर चालक फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।