नीमच। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। राज्य स्तर पर संचालित विशेष अभियान के तहत विभाग की टीम ने मनासा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दबिश देकर 630 किलोग्राम महुआ लहान और 24 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 69 हजार रुपये बताया गया है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 3 नवंबर 2026 को वृत्त मनासा के ग्राम भांडया, अल्हेड़, पोखरदा, रावतपुरा, लसुड़िया सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध मदिरा निर्माण और संग्रहण से संबंधित सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत चार प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के मार्गदर्शन और सहायक जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक संजय कंवारे, पंकज राठौर, दीपक आंजना, संजय राठौर तथा आबकारी आरक्षक विष्णु यादव, महेश गहलोत, विलास डगिया, बलवंत भाटी, हंसराज बिलवाल एवं मधुमिता मालवीय शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।