नीमच। शहर के टीवीएस शोरूम स्थित विश्वकर्मा चौराहे पर आज शाम अचानक यातायात का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते चौराहे के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नो एंट्री लागू होने के बावजूद इस मार्ग से भारी ट्रकों की आवाजाही जारी रहती है। शहर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश से यातायात का दबाव बढ़ जाता है। आज शाम भी भारी वाहनों की आवाजाही के बीच चौराहे पर वाहनों की संख्या बढ़ी और देखते ही देखते जाम लग गया। स्थिति ऐसी हो गई कि वाहन चालकों को निकलने के लिए रास्ता तक नहीं मिल पा रहा था।
जाम की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिस जवानों ने मशक्कत कर वाहनों को व्यवस्थित कराया और धीरे-धीरे रास्ता खुलवाकर यातायात सुचारु किया। इसके बाद वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण शहर के बाजारों में इन दिनों खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में प्रमुख चौराहों और बाजारों में वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था पहले से ही चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ऐसे में यदि भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आमजन की परेशानी और बढ़ सकती है।
इस घटना के बाद नो एंट्री के नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जब शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू है, तो आखिर ट्रक व्यस्त मार्गों तक कैसे पहुंच रहे हैं? क्या जिम्मेदार विभागों द्वारा नियमित निगरानी नहीं की जा रही है?
शहरवासियों ने मांग की है कि नो एंट्री के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि बार-बार जाम की स्थिति न बने और आमजन को राहत मिल सके।