गरोठ। मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने गरोठ में एक डेयरी पर छापा मारकर 53 किलोग्राम संदिग्ध एवं अमानक पनीर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान डेयरी को सील कर दिया गया और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जानकारी के अनुसार, जब्त पनीर राजस्थान के पचपहाड़ से मंगवाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राहुल चौहान और थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की। खाद्य अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद पनीर की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नियमों के उल्लंघन के मामले में दुकान संचालक के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हलचल देखी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।