भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल में संगठनात्मक बदलाव करते हुए बुधवार को नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, संयुक्त सचिव, प्रशिक्षक सहित विभिन्न पदों पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही 18 जिलों के मुख्य संगठकों की नियुक्ति भी की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने बताया कि नई कार्यकारिणी में निष्ठावान, जुझारू और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई है। बेहतर कार्य करने वाले जिला मुख्य संगठकों को पदोन्नत कर प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
नई नियुक्तियां अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी प्रतापनारायण मिश्रा और प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव की सहमति से की हैं।
नई कार्यकारिणी में अरुण रोचवानी, राजा चौकसे, हरिशंकर राय और भोला कांति को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। रवि गोयल को कोषाध्यक्ष, ओम सिलावट, विजय साहू, पूरन कुशवाहा, गोविंद व्यास, झल्लेलाल जैन और अजय नागेश्वर को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं मीडिया संयोजक मुकेश ठाकुर, सह-मीडिया संयोजक किशोर धुलधोये, संचार संयोजक लुकमान अली और सह-संचार संयोजक विजय जोहरी बनाए गए हैं। इसके अलावा प्रदेश सचिव और संयुक्त सचिव सहित अन्य पदों पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां की गई हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भार्गव ने विश्वास जताया कि नई टीम के गठन से मध्यप्रदेश में कांग्रेस सेवादल संगठन को मजबूती मिलेगी और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों एवं अभियानों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।