नीमच। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा नीमच द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा पखवाड़े के तहत 17 सितंबर को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 9 से 11 बजे तक जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में आयोजित होगा।
शाखा अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता एवं सचिव सतीश गोयल ने बताया कि भारत विकास परिषद राष्ट्र निर्माण, सेवा और संस्कार के कार्यों में निरंतर सक्रिय है। नर सेवा को नारायण सेवा मानते हुए प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को मानव सेवा के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी उद्देश्य से रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।
रक्तदान प्रकल्प संयोजक सुशील गट्टानी एवं सह संयोजक मनोज माहेश्वरी ने बताया कि शिविर में जिला चिकित्सालय एवं ब्लड बैंक की प्रशिक्षित टीम द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक प्राथमिक जांच एवं रक्त संग्रह किया जाएगा। रक्तदाताओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी तथा प्रत्येक रक्तदाता को परिषद की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
भारत विकास परिषद मुख्य शाखा ने नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विशेष रूप से युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने एवं इस सेवा कार्य में सहभागी बनने की अपील की है। यह जानकारी मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने दी।