नीमच। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर गुरुवार को नीमच में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम युवाओं के लिए प्रेरणादायी मंच बना। मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के बैनर तले पीएम एक्सीलेंस कॉलेज स्थित रूसा भवन में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
‘देश का युवा, देश के खिलाड़ी, देश का भविष्य’ विषय पर आयोजित संवाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं से वर्चुअल संवाद किया। कार्यक्रम का लगभग 1500 स्थानों पर प्रसारण किया गया। इस दौरान युवाओं ने खेलों के विकास, खेल अधोसंरचना और राष्ट्र निर्माण में युवा सहभागिता से जुड़े विषयों को जाना।
संवाद में देश में विकसित आधुनिक खेल संसाधनों, विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवा सशक्तिकरण, सुशासन, युवा नेतृत्व एवं स्वयंसेवी भावना जैसे विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं को विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ-
कार्यक्रम के समापन पर युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष बबलू विश्वदेव शर्मा, दारा सिंह यादव एवं लोकेश चांगल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।