जावरा। खेल जगत में जावरा क्षेत्र के लिए गौरव की खबर है। सरसी निवासी प्रतिभाशाली खिलाड़ी आशीष चौहान का विश्वविद्यालयीन संभाग स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट खेल कौशल के दम पर आशीष ने जिला स्तर से आगे बढ़ते हुए संभाग स्तर पर अपनी जगह बनाई है।
आशीष 19 अक्टूबर को नीमच के शासकीय महाविद्यालय में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भगत सिंह महाविद्यालय, जावरा एवं वॉरियर्स पथ अकादमी, सरसी का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से अकादमी और गांव में खुशी व उत्साह का माहौल है।
आशीष की इस उपलब्धि के पीछे उनका नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण रहा है। वॉरियर्स पथ अकादमी के कोच जितेंद्र राठौड़ के मार्गदर्शन में आशीष लगातार अपने खेल कौशल को निखार रहे हैं। वहीं, भगत सिंह महाविद्यालय, जावरा के खेल शिक्षक राहुल सोनावा के मार्गदर्शन में वे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आशीष के चयन पर खेल प्रेमियों और अकादमी से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सफलता हासिल करने की कामना की।