नीमच। जिले के तैराकी इतिहास में पहली बार मास्टर्स वर्ग में नीमच को स्वर्ण पदक हासिल हुआ है। हरियाणा के बहादुरगढ़ में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित नेशनल मास्टर्स तैराकी प्रतियोगिता में नीमच की सुप्रिया जैन ने 200 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीतकर यह उपलब्धि अपने नाम की। इसके साथ ही उन्होंने 4×50 मीटर रिले में रजत पदक भी हासिल किया। अन्य स्पर्धाओं में सुप्रिया चौथे स्थान पर रहीं। राष्ट्रीय स्तर पर उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर अब उनका चयन दूसरी एशियाई मास्टर्स तैराकी चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है।
नीमच की पहली महिला मास्टर्स तैराक-
जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि सुप्रिया जैन नीमच से मास्टर्स तैराकी में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। उन्होंने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। 200 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण और 4×50 मीटर रिले में रजत पदक जीतकर उन्होंने नीमच का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने कहा कि मास्टर्स वर्ग में नीमच के खाते में पहली बार स्वर्ण पदक आना जिले के लिए विशेष उपलब्धि है। सुप्रिया का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन और इसके बाद एशियाई चैंपियनशिप के लिए चयन जिले में तैराकी के बढ़ते स्तर और पहचान को दर्शाता है।
अब बेंगलुरु में एशियाई चुनौती-
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद सुप्रिया का अगला पड़ाव अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता होगा। 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक बेंगलुरु में दूसरी एशियाई मास्टर्स तैराकी चैंपियनशिप आयोजित होगी। सुप्रिया इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश और नीमच का प्रतिनिधित्व करेंगी।
तीन अन्य तैराक भी टीम में शामिल-
बहादुरगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नीमच जिला तैराकी संघ से राकेश बंसल, मोहनसिंह गेहलोत और मनोज शर्मा ने भी मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया। पूरी टीम ने जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और बेहतर प्रदर्शन किया।
संघ पदाधिकारियों ने जताई खुशी-
सुप्रिया की उपलब्धि पर मध्यप्रदेश तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा, सचिव जय वर्मा एवं जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त की। जिला तैराकी संघ की ओर से उपाध्यक्ष प्रकाश मंडवारिया, दिलीप डुंगरवाल, कोषाध्यक्ष शरद जैन, सचिव तरुण ओझा, मुकेश चतुर्वेदी, विष्णु मोदी, रामगोपाल मोदी, बंटू बाफना एवं कोच राघवेंद्र सोनी ने भी सुप्रिया के प्रदर्शन को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
जनप्रतिनिधियों ने भी सराहा-
सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीपसिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, नीमच बॉडी बिल्डिंग अध्यक्ष ज्ञानोदय एवं स्विमिंग से जुड़े राजा चौरसिया सहित अन्य लोगों ने सुप्रिया जैन की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।