मंदसौर। 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता 2026 (14 वर्ष बालक वर्ग) का समापन हॉकी टर्फ मैदान, एमआईटी बायपास, मंदसौर में हर्षोल्लास के साथ हुआ। जिला शिक्षा कार्यालय मंदसौर के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न संभागों की टीमों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में ग्वालियर संभाग ने शूटआउट में उज्जैन संभाग को हराकर खिताब अपने नाम किया।
शूटआउट में ग्वालियर ने मारी बाजी-
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ग्वालियर और उज्जैन संभाग के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर रहा। इसके बाद 8-सेकंड टैलेंट शूटआउट में ग्वालियर ने 3-1 से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। उज्जैन संभाग उपविजेता रहा, जबकि तृतीय स्थान के लिए हुए मुकाबले में सागर संभाग ने जीत दर्ज कर कांस्य पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता में ग्वालियर संभाग प्रथम, उज्जैन संभाग द्वितीय और सागर संभाग तृतीय स्थान पर रहा।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित-
समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में मंदसौर विधायक विपिन जैन, मंदसौर हॉकी फेडरेशन क्लब अध्यक्ष कुलदीप सिंह सिसोदिया, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिंज, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के ऑब्जर्वर देवेंद्र बाथम, जिला क्रीड़ा अधिकारी घीसालाल जोगचंद और प्रतियोगिता संयोजक एवं प्राचार्य के.सी. सोलंकी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों को ट्रॉफी, शील्ड, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान देने वाली विभिन्न समितियों के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
मंदसौर में 8 से 12 दिसंबर तक होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता-
जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI), लखनऊ की ओर से हॉकी अंडर-14 बालक वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी भी मंदसौर को मिली है। यह प्रतियोगिता 8 से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन से राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों को दिशा मिलेगी।
विधायक विपिन जैन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से मिले अनुभवों के आधार पर आयोजन संबंधी कमियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले दूर किया जाना चाहिए, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और सफल हो सके। उन्होंने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समापन अवसर पर विधायक जैन ने हॉकी खेल ध्वज उतारकर ऑब्जर्वर देवेंद्र बाथम को सौंपा, जिसके साथ प्रतियोगिता का औपचारिक समापन हुआ।
कलेक्टर ने छात्रावास पहुंचकर जानी व्यवस्थाएं-
प्रतियोगिता के दौरान कलेक्टर एवं आयोजन समिति अध्यक्ष दिव्यांक सिंह ने रात्रि में शासकीय बालक उत्कृष्ट छात्रावास पहुंचकर विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों, कोच और मैनेजरों से संवाद किया। उन्होंने आवास, भोजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने भोजन समिति और प्रचार-प्रसार समिति के सदस्यों से भी चर्चा कर आयोजन में जुटे लोगों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, जिला शिक्षा कार्यालय, खेल विभाग, विद्यालयों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न आयोजन समितियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह का संचालन आशीष बंसल ने किया, जबकि आभार जिला क्रीड़ा अधिकारी घीसालाल जोगचंद ने व्यक्त किया।