चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ की प्रतिभावान कराटे खिलाड़ी अमरप्रीत कौर अरोड़ा ने गंगानगर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। कड़े मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अमरप्रीत ने सीकर, टोंक, बाड़मेर, उदयपुर और जयपुर की टीमों के खिलाड़ियों को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही उनका चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
अमरप्रीत कौर अरोड़ा चित्तौड़गढ़ के जिंक स्कूल की प्रतिभावान छात्रा हैं। वह प्रतापनगर निवासी प्रभजोत सिंह अरोड़ा एवं करुणा अरोड़ा की पुत्री हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान अमरप्रीत ने अपनी खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें कई मजबूत खिलाड़ियों से मुकाबला करना पड़ा, लेकिन उन्होंने दबाव के बीच संयम बनाए रखते हुए एक के बाद एक मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर जीता स्वर्ण-
अमरप्रीत कौर की यह लगातार दूसरी बड़ी राज्य स्तरीय उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने 69वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर चित्तौड़गढ़ का नाम रोशन किया था। लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल-
अमरप्रीत की इस उपलब्धि की जानकारी मिलने पर परिवार, स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और सहपाठियों में खुशी का माहौल है। सभी ने उनकी सफलता पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। परिवारजनों ने कहा कि अमरप्रीत ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार के साथ-साथ चित्तौड़गढ़ का गौरव बढ़ाया है।
राज्य स्तर पर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब अमरप्रीत का लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराना है। उनकी इस उपलब्धि को चित्तौड़गढ़ की खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।