नीमच। जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) नीमच के चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। संघ को नई दिशा और नई ऊर्जा देने के संकल्प के साथ हुए चुनाव में प्रमोद शर्मा ने सचिव तथा अनिल सुराह ने कोषाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। दोनों प्रत्याशियों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को 10-10 मतों से पराजित किया।
चुनाव में कुल 46 मतदाताओं में से 44 ने मतदान किया। मतगणना में सचिव पद पर प्रमोद शर्मा को 27 मत, जबकि विकास सरसवाल को 17 मत प्राप्त हुए। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर अनिल सुराह को 27 मत और राजेंद्र पटेल को 17 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही विजेता प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल नजर आया।
अध्यक्ष, दोनों उपाध्यक्ष एवं पांच कार्यकारिणी सदस्यों सहित अन्य पदों पर प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन पूर्व में ही हो चुका था। ऐसे में सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए हुआ चुनाव महत्वपूर्ण माना जा रहा था।
फुटबॉल को बढ़ावा देना प्राथमिकता- प्रमोद शर्मा
नवनिर्वाचित सचिव प्रमोद शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य नीमच में फुटबॉल को अधिक लोकप्रिय बनाना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खेल भावना, अनुशासन एवं फुटबॉल की मजबूत संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
डीएफए को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर- अनिल सुराह
नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष अनिल सुराह ने कहा कि डीएफए को हर स्तर पर मजबूत एवं सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। संघ की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने तथा आय के नए स्रोत विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
डीएफए के नए पदाधिकारियों के निर्वाचन के साथ ही फुटबॉल से जुड़े खिलाड़ियों, क्लबों एवं खेलप्रेमियों में संघ की गतिविधियों को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।