भगवानपुरा। नगर स्थित शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा, जिला खरगोन के दो विद्यार्थियों का संभाग स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में बीएससी तृतीय वर्ष के प्रदीप चौधरी एवं बीए प्रथम वर्ष के बबलू गावड़ शामिल हैं।
दोनों विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी सौरभ छटिये के मार्गदर्शन में मंडलेश्वर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है।
महाविद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. रजनी सोलंकी, डॉ. सेवक चौहान, डॉ. सुवालाल डावर एवं प्रो. नरेश जमरे सहित समस्त स्टाफ ने भी दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।