कुकड़ेश्वर। ग्राम हतुनिया के पूर्व शिक्षक, गौशाला समिति से जुड़े समाजसेवी एवं खेल प्रेमी मदनलाल ओझा ने खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए सीनियर बैडमिंटन खिलाड़ी कुमारी अविका मालवीय एवं जूनियर बैडमिंटन खिलाड़ी कुमारी हर्षिता दलावरिया को बैडमिंटन रैकेट प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान महेंद्र सिंह बग्गा एवं रौनक दलावरिया ने मदनलाल ओझा का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मदनलाल ओझा ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने, खेल के प्रति समर्पित रहने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होती हैं।
उन्होंने कहा कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन आवश्यक है। खेल के माध्यम से युवा अपने व्यक्तित्व का विकास करने के साथ नगर एवं क्षेत्र का नाम भी रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में कुमारी निकिता खारोल ने उपस्थित अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों ने भी सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए मदनलाल ओझा का धन्यवाद ज्ञापित किया।