नीमच। कनावटी स्थित पुलिस लाइन मैदान में आयोजित बोहरा प्रीमियर लीग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में रॉयल अमाकीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुफद्दल लायन को 24 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल अमाकीन ने निर्धारित 10 ओवर में 139 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अब्बास चोपड़ा ने महज 19 गेंदों में 43 रन और होज़ेफा आरवी ने 17 गेंदों में 41 रन की तूफानी पारियां खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुफद्दल लायन की टीम दबाव में अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ सकी और निर्धारित 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 115 रन ही बना सकी। इस तरह रॉयल अमाकीन ने 24 रन की शानदार जीत दर्ज करते हुए बोहरा प्रीमियर लीग की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
विजेता रॉयल अमाकीन टीम को 27 हजार रुपए नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता मुफद्दल लायन को 14 हजार रुपए नकद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में मैन ऑफ द सीरीज अली शेख, फाइनल के मैन ऑफ द मैच मोहम्मद लाइट वाला, बेस्ट बॉलर अब्दुल कादिर और बेस्ट बैट्समैन अली शेख रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में शेख सैफुद्दीन जावद वाला, शेख बुरहानुद्दीन रामपुरा वाला, हुसामुद्दीन डेरकी एवं मुल्ला खोज़ेमा शामगढ़ वाला अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में अली फाउंडेशन, मुफद्दल झूमर, अल बुरहानी ग्लास एवं रॉयल इंडस्ट्रीज़ का सहयोग रहा।
रॉयल अमाकीन की जीत पर खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।