रतलाम। जिले के आलोट विकासखंड की ग्राम पंचायत कराडिया की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनीषा निंबोला का खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में चयन हुआ है। गोला फेंक स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर अनीषा ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनके चयन से ग्राम कराडिया सहित पूरे आलोट क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
जिला खेल अधिकारी रुचि शर्मा ने बताया कि खेलो एमपी एथलेटिक्स राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर अनीषा निंबोला को मध्य प्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश शासन द्वारा उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने अनीषा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चार बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हासिल कर चुकी हैं प्रथम स्थान
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, विकासखंड आलोट के ब्लॉक समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल ने बताया कि अनीषा ने मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास के बल पर यह सफलता हासिल की है। वह अब तक शालेय एथलेटिक्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चार बार प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं। इसके अलावा, वह दो बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता-
अनीषा ने अपनी खेल यात्रा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराडिया के पीटीआई बद्रीलाल बसेर और खेल एवं युवा कल्याण विभाग, आलोट के ब्लॉक समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में चयन एवं प्रवेश प्राप्त करने में भी उनके मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बनीं प्रेरणा-
अनीषा निंबोला की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि मेहनत, समर्पण, नियमित अभ्यास और उचित मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। अनीषा के चयन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।