पवन धाकड़, जावरा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरसी की कक्षा 11वीं के छात्र राजपाल सिंह पिता किशोर सिंह ने कबड्डी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। राजपाल सिंह का चयन 19 वर्षीय राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 7 अक्टूबर 2026 तक जिला हरदा में किया जाएगा। राजपाल सिंह ने जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर की प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। उनकी इस उपलब्धि में खेल शिक्षक नवीन सोलंकी के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजपाल सिंह के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और ग्रामवासियों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय की प्राचार्या भारती भावसार, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपेंद्र सिंह ठाकुर, खेल शिक्षक नवीन सोलंकी, प्रदीप सिंह पवार, अशोक मुजाल्दे, देवेंद्र प्रताप सिंह राठौर, राजेंद्र सिंह राठौड़, नागपाल सिंह पंवार, शिल्पा जोशी, तेजपाल मौर्य, महेश कुमार बैरागी, चेनीराम राठौर सहित विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने राजपाल सिंह को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
राजपाल सिंह ने कहा कि वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलेंगे तथा अपने विद्यालय, माता-पिता और कोच का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।