बुरहानपुर। बुरहानपुर प्लेयर्स एसोसिएशन द्वारा रविवार को केंद्रीय विद्यालय, बुरहानपुर में प्रथम ताप्ती रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कलेक्टर विवेक कुमार ने शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों की जानकारी भी ली। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, खरगोन, जलगांव, भुसावल, रावेर और नंदुरबार सहित विभिन्न क्षेत्रों से करीब 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 6 से 70 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
लोक सेवा प्रबंधक मनोज शंकपाल ने बताया कि प्रतियोगिता के दोनों प्रारूपों में जलगांव के गुणवंत कसार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खंडवा के वैभव तोमर उपविजेता रहे। रैपिड वर्ग में खंडवा के अक्षय तोमर ने तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं ब्लिट्ज वर्ग में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सत्यम ठोंबरे तीसरे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता का निष्पक्ष संचालन निर्णायक कपिल पंड्या ने किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष सागर पाहुजा ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष भूपेश विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष सत्यम ठोंबरे, सह-सचिव शबाना बैदी, सह-सचिव अब्दुल राशिद अंसारी, जय बजाज, अनमोल मोहनानी, अमन बजाज, गिरीश सोनवाने और लोकेश महाजन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।