नीमच। हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का आयोजन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, नीमच में उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय पीजी कॉलेज, नीमच के स्पोर्ट्स ऑफिसर संजीव थोरेचा रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत एवं मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। विद्यार्थियों तनीषा, तेजस एवं चंचल ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों पर प्रेरणादायी भाषण प्रस्तुत किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने खेल आधारित सामूहिक नृत्य एवं योग की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यवाहक प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षक हेमल्टन मसीह ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व तथा जीवन में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डाला। खेल विभागाध्यक्ष एवं खेल शिक्षक अनिल कुमार यादव ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, खेल और योग के महत्व की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि संजीव थोरेचा ने विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा पहचानने और अपनी पसंद के किसी एक खेल में नियमित अभ्यास कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद खेल शिक्षक अनिल कुमार यादव एवं स्पोर्ट्स कोच अवधेश प्रजापति के निर्देशन में रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई। बालक एवं बालिका वर्ग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गोपाल दास बैरागी ने किया। अंत में शिक्षक देवेंद्र कुमार सोलंकी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित व्यायाम की आदत विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायी रहा।