नीमच। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 65 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला स्तर पर निराकरण योग्य प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को राहत पहुंचाई जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाए।
जनसुनवाई में आवास, भूमि एवं अतिक्रमण, पट्टा, राजस्व अभिलेख, बंटवारा, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा उपचार सहायता और सड़क पर वर्षा जल निकासी की व्यवस्था से जुड़े मामले भी आवेदकों ने अधिकारियों के समक्ष रखे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जोक, श्रुति भयडिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।