नीमच। नवम राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयुष विभाग के शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपल्या रावजी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 बर्डीया जागीर एवं माध्यमिक विद्यालय बर्डीया जागीर में पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में 37 हितग्राहियों को पोषण एवं प्रोटीनयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य उपस्थित महिलाओं को संतुलित एवं विविध आहार लेने के लिए जागरूक किया गया। आयुर्वेद के अनुसार उचित मात्रा में गर्म, सुपाच्य एवं हितकर भोजन लेने तथा आहार में प्रोटीन, कार्बाेहाइड्रेट, वसा, विटामिन और खनिज पदार्थों का संतुलित समावेश रखने की जानकारी दी गई।
स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों में दाल, चना, मूंग, सोयाबीन, दूध-दही और मूंगफली जैसे प्रोटीनयुक्त आहार को दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणाम बताए-
माध्यमिक विद्यालय बर्डीया जागीर में विद्यार्थियों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। नशे से स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में समझाया गया।
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में पंचायत सदस्य, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, एएनएम पूर्णेश राठौर, माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।