खरगोन। भीकनगांव जनपद की ग्राम पंचायत पाडल्या पोखर में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार वर्षों में पंचायत द्वारा कागजों में कई विकास कार्य दर्शाकर शासकीय राशि का आहरण किया गया, लेकिन धरातल पर इन कार्यों का कोई स्पष्ट असर नजर नहीं आ रहा है।
मंगलवार को ग्रामीणों ने कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत द्वारा विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये की राशि निकाली गई है, जबकि मौके पर कई कार्य दिखाई नहीं देते।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पंचायत के अभिलेखों में किए गए कार्यों का स्पष्ट और सही विवरण दर्ज नहीं है। कौन सा कार्य किस स्थान पर और कब कराया गया, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने का दावा किया गया है। ग्रामीणों ने शासकीय पोर्टल से प्राप्त दस्तावेज भी शिकायत के साथ अधिकारियों को सौंपे हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम पंचायत पाडल्या पोखर में पिछले चार वर्षों के दौरान कराए गए सभी विकास कार्यों और उनसे जुड़े वित्तीय लेन-देन की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही मौके पर कार्यों का भौतिक सत्यापन कराकर दस्तावेजों से मिलान करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जांच के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।