शिवपुरी। शिवपुरी में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में न्यू दर्पण कॉलोनी के शिक्षक और छात्र-छात्राएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने करौंदी रोड स्थित आम रास्ते पर कथित अवैध अतिक्रमण की शिकायत करते हुए रास्ता बंद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और सार्वजनिक मार्ग को तत्काल खुलवाने की मांग की।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, शहर के करौंदी रोड, वार्ड क्रमांक 39 में स्थित सेंट लुइस पब्लिक स्कूल तक आने-जाने वाले सार्वजनिक रास्ते को कुछ लोगों द्वारा ईंटों की चिनाई कर कथित तौर पर जबरन बंद कर दिया गया है। इससे स्कूल आने-जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल वाहनों के साथ स्थानीय रहवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बताया कि रास्ता बंद होने से रोजाना आवागमन प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि यदि किसी आपात स्थिति में एंबुलेंस या अन्य जरूरी वाहन को स्कूल अथवा आसपास के क्षेत्र तक पहुंचना पड़े, तो रास्ता बंद होने के कारण गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर से मांग की कि मामले की तत्काल जांच कर मौके का निरीक्षण कराया जाए और यदि रास्ते पर अवैध अवरोध या अतिक्रमण पाया जाता है तो उसे हटाकर आम रास्ते को पूर्ववत चालू कराया जाए।
शिकायतकर्ताओं ने इसे बच्चों की सुरक्षा और जनहित से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।