मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन के मार्गदर्शन में जिला पंचायत सभाकक्ष में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत छात्रावास अधीक्षकों के लिए उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किया गया।
सत्र में आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग अंगूरबाला भगोरा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने छात्रावास अधीक्षकों को बाल संरक्षण एवं देखरेख से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और उनके अधिकारों को लेकर आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया।
बाल संरक्षण अधिकारी पूजा परमार ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही किसी बच्चे के संकट में होने अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की भूमिका और उपयोग के बारे में बताया गया।
वन स्टॉप सेंटर मंदसौर की प्रशासक रेखा चौहान ने जेंडर संबंधी विषयों पर जानकारी साझा की। सत्र के दौरान उपस्थित छात्रावास अधीक्षकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का भी विशेषज्ञों ने समाधान किया।