शाजापुर। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों में चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में करीब 70 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है। चोरी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार निर्माणाधीन मकानों में रात के समय हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष वाघेला ने विशेष टीम गठित की। फरियादी अशोक जाटव की रिपोर्ट पर 14 मई 2026 को अपराध क्रमांक 570/26, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने रेहान उर्फ चुन्ना निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शाजापुर की पहचान की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथी जलज मालवीय पिता कमल किशोर मालवीय, उम्र 31 वर्ष, निवासी लालपुरा, हाल विजय नगर, थाना लालघाटी, जिला शाजापुर के साथ उमियाधाम कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन मकान से सेंटिंग के तख्ते चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सेंटिंग के तख्ते कीमत करीब 15 हजार रुपए तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल कीमत करीब 50 हजार रुपए बरामद की।
इसी प्रकार फरियादी गजराज नायक की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 571/26, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा इस मामले में भी चोरी करना स्वीकार करने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक गैस टंकी कीमत करीब 5 हजार रुपए बरामद की।
पुलिस के अनुसार दोनों प्रकरणों में कुल 70 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
कार्रवाई में का.उनि. निर्मल तिग्गा, प्रधान आरक्षक 199 प्रमोद नागर, आरक्षक 77 रामप्रसाद, आरक्षक 165 हेमराज, आरक्षक 301 शिशुपाल, आरक्षक 728 मुकेश एवं आरक्षक 352 जितेन्द्र जाटव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।